:: बालटाल और पंचतरणी में मालवा के स्वाद का लंगर लगाएंगे कांटाफोड़ मंदिर के भक्त; -1 डिग्री में भी मालवा के स्वाद और गर्माहट का इंतजाम ::
इंदौर । बाबा बर्फानी की अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए इंदौर के भक्तों ने एक बार फिर अपनी सेवाभावी परंपरा का निर्वहन किया है। नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर से अमरनाथ यात्रा मार्ग पर लंगर सेवा के लिए 16 मीट्रिक टन से अधिक राशन सामग्री से भरा ट्रक सोमवार शाम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बालटाल एवं पंचतरणी के लिए रवाना किया गया। अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मंदिर समिति को लंगर संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
बालटाल में खन्ना-पंजाब के अमरनाथ सेवा दल के सहयोग से पिछले 17 वर्षों से कांटाफोड़ शिव मंदिर द्वारा लंगर सेवा चलाई जा रही है। वर्तमान में बालटाल क्षेत्र का तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है और वहां भारी बर्फबारी के बीच भी भक्तों ने अपना हौसला बुलंद रखते हुए लंगर सेवा के लिए शेड एवं तंबू लगाने का कार्य युद्धस्तर पर पूरा कर लिया है।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, सुभाष बजरंग एवं संयोजक बी.के. गोयल ने बताया कि इस बार पंचतरणी में भी 3 जुलाई से बड़ी लंगर सेवा शुरू की जाएगी। रवानगी के समय ट्रक में भेजी गई सामग्री में आटा, विभिन्न दालें, खाद्य तेल, शुद्ध घी, मिल्क पाउडर, चाय पत्ती, साबूदाना, बेसन और पोहा जैसी प्रचुर मात्रा में खाद्य सामग्री शामिल है। इसके अलावा जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए 400 कंबल भी भेजे गए हैं।
इस पुनीत कार्य में इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ, दाल मिल एसोसिएशन, छावनी अनाज मंडी, दाल चावल व्यापारी एसोसिएशन, मालवा मिल व्यापारी एसोसिएशन, सराफा सोना-चांदी व्यापारी एसोसिएशन सहित अनेक सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने दिल खोलकर सहयोग किया है। लंगर सेवा के लिए शहर के पांच अनुभवी रसोइयों को भी वहां भेजा जा रहा है, जो यात्रियों को इंदौर के मशहूर पोहे-जलेबी, कचोरी-समोसे, ब्रेड पकोड़े और मालवा के पारंपरिक दाल-बाटी-बाफले व कढ़ी-चावल का स्वाद चखाएंगे।
यात्रा मार्ग की तैयारियों की जानकारी देते हुए संदीप गोयल ने बताया कि सरकार और श्राइन बोर्ड ने इस बार यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मार्ग पर फिसलन रोकने के लिए सीमेंट की ईंटें लगाई जा रही हैं और पक्की रेलिंग के साथ रात्रि में रोशनी के लिए बड़े हेलोजन की व्यवस्था की गई है। ट्रक को विदाई देते समय परमानंद वालेचा, विजय काला, हेमंत गर्ग सेठानी, वरुण हरि मंगल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिन्होंने बाबा बर्फानी के जयघोष के साथ सेवा दल को शुभकामनाएं दीं।


1 thought on “अमरनाथ यात्रियों की सेवा में इंदौर का समर्पण; 16 टन राशन सामग्री लेकर रवाना हुआ ट्रक”
Comments are closed.