:: राष्ट्रीय दान पेटी प्रकल्प में इंदौर ने हासिल किया देश में दूसरा स्थान, साधारण सभा में सेवा का संकल्प ::
इंदौर (ईएमएस)। साधुमार्गी जैन समता संघ की ओर से गुमास्ता नगर स्थित मुकुट मांगलिक भवन में आयोजित साधारण सभा एवं सेवा समर्पण सम्मान समारोह में सेवाभावी संतों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शहर की 70 किलोमीटर की परिधि में विहार करने वाले साधु-साध्वी वृंद की निष्काम सेवा में सदैव तत्पर रहने वाले 40 प्रख्यात चिकित्सकों और 78 समर्पित परिवारों का आत्मीय अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही बच्चों को धर्म-संस्कृति की शिक्षा देने वाले 10 जैन पाठशाला शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह की शुरुआत रामामृतम ध्यान साधना एवं समता शाखा आराधना के साथ हुई। कार्यक्रम के प्रथम चरण में कोषाध्यक्ष अजय चौरड़िया ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। संघ के अध्यक्ष पारस बोहरा ने आगामी तीन चातुर्मास कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की और युवा संघ के नए पदाधिकारियों के मनोनयन की घोषणा की। इस दौरान मनीष बोहरा को पुनः सर्वसम्मति से मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम की सबसे सुखद जानकारी राष्ट्रीय दान पेटी प्रकल्प की सह-संयोजक आभा डूंगरवाल ने दी। उन्होंने बताया कि इस प्रकल्प में इंदौर संघ ने पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह घोषणा होते ही पूरा सभागार करतल ध्वनि और गुरुदेव के जयघोष से गूंज उठा। रामामृतम योजना के संयोजक अनीश सूर्या ने अभियान की प्रगति पर प्रकाश डाला, वहीं महामंत्री पिंकेश पगारिया ने गत वर्ष का प्रतिवेदन और राकेश पोरवाल ने युवा संघ की गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अमित नवलखा और सुभाष गोखरु ने किया। संचालन पिंकेश पगारिया एवं ललित दुगड़ ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर समता संघ के बहूमंडल की कार्यकारिणी के साथ सभी सहयोगी संगठनों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।

