परवाज़-ए-अबाबील’ अवार्ड्स में गुंजा तालीम, हुनर, हरियाली और हिफाजत का पैगाम

मध्य प्रदेश

भोपाल । शिक्षा, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को एक मंच पर लाने वाले राज्य स्तरीय ‘जश्न-ए-तालीम 2026-परवाज़-ए-अबाबील अवार्ड सेरेमनी (सीजन-2)’ का भव्य आयोजन रविवार को रविंद्र कन्वेंशन सेंटर में किया गया। परवाज़ सोशल अवेयरनेस एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित समारोह में भोपाल, बुरहानपुर, सीहोर, राजगढ़, अशोकनगर, उज्जैन, विदिशा और बालाघाट सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के 300 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी, प्रशस्ति-पत्र और विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा के साथ कौशल, पर्यावरण संरक्षण, महिला सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया।

  • सम्मानित हस्तियो ने की हौसला अफजाई
    शिक्षा के साथ हुनर और संस्कार भी जरूरी
    समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सनव्वर पटेल, शहर काजी मौलाना मुश्ताक अली नदवी, नायब काजी सैयद अली क़दर हुसैनी एवं महाकोशल ग्रुप के चेयरमैन नवाब रज़ा, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी सैयद जाहिद मीर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियो ने अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों से कहा कि सफलता की पहली सीढ़ी माता-पिता का सम्मान, अनुशासन और अच्छे संस्कार हैं। और मौजूदा दौर प्रतिस्पर्धी का दौर है, और इसमें केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को किसी न किसी कौशल में भी दक्ष होना होगा। नवाब रज़ा साहब ने विद्यार्थियों को स्किल आधारित शिक्षा अपनाने, लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
  • ‘मेरी गुड़िया’ ने दिया महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया जागरूकता का संदेश
    कार्यक्रम में पेश किये गये मुनव्वर अली खान लिखित सोलो ड्रामा ‘मेरी गुड़िया’ में आबिद मोहम्मद खान ने प्रभावशाली अभिनय किया। मोहम्मद सलमान के निर्देशन में इस नाटक के जरिये से लड़कियों एवं महिलाओं को सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के दुरुपयोग से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया गया। एक पिता के भयावह सपने के माध्यम से दिखाया गया कि डिजिटल माध्यमों का गलत उपयोग किस तरह परिवारों को संकट में डाल सकता है।
  • 2 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य,1500 लोगों को बांटे पौधे और बीज
    आयोजन की विशेष पहल ‘तालीम के साथ हरियाली’ अभियान रही। आर्किटेक्ट एस.एम. हुसैन की ओर से विभिन्न प्रजातियों के 2 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। अभियान के तहत समारोह में मौजूद लगभग 1500 लोगों को पौधे और बीज वितरित किए गए। विद्यार्थियों को पौधारोपण और पौधों की देखभाल की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
  • नशे और मोबाइल एडिक्शन से दूर रहने का संकल्प
    कार्यक्रम में युवाओं में बढ़ती मोबाइल निर्भरता और नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल, नवाचार और समाज सेवा की दिशा में अपनी ऊर्जा लगाने तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई।
  • 15 स्टेट टॉपर्स को स्वर्गीय अब्दुल लतीफ स्मृति कैश प्राइज
    समारोह में एमपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षाओं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं 15 विशेष स्टेट टॉपर्स को अब्दुल ताहिर के पिता स्वर्गीय अब्दुल लतीफ की स्मृति में विशेष कैश प्राइज प्रदान किए गए।

1 thought on “परवाज़-ए-अबाबील’ अवार्ड्स में गुंजा तालीम, हुनर, हरियाली और हिफाजत का पैगाम

Comments are closed.