मुख्यमंत्री ने नमो-प्रेरणा कार्यक्रम का किया शुभारंभ

मध्य प्रदेश

कैंसर एवं नशामुक्ति जागरुकता गतिविधियां होगी
जबलपुर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा संकल्प अभियान के तहत कैंसर एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नमो प्रेरणा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को कैंसर से बचाव एवं जागरूकता के प्रति प्रेरित किया जाएगा। कैंसर मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने जनजातीय महापुरुषों राजा भभूत सिंह, राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह जैसी विभूतियों के जीवन के प्रेरक प्रसंगों को पाठ्यक्रम में स्थान दिया है। प्रदेश की भावी पीढ़ियां उनके बलिदान और जीवन के प्रेरणादायी कार्यों से परिचित होंगी। आजादी के बाद लंबे समय तक देश-प्रदेश में रही सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के कारण कभी इस ओर ध्यान नहीं दिया। आजादी के बाद पहली बार राष्ट्रपति पद को जनजातीय समुदाय की श्रीमती द्रोपदी मुर्मु ने सुशोभित किया। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में जनजातीय समुदाय के जननेता विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री हैं। राज्य सरकार रानी दुर्गावती लोक का निर्माण करेगी।
52 गढ़ों के वशंजों को सरकार सम्मानित करेगी : राकेश सिंह……..
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह सहित प्रदेश के अनेक महापुरुषों की जीवन के प्रेरणादायी प्रसंगों को पाठ्यक्रम में शामिल कर सम्मान दिया है। हमारे जनजातीय वीरों ने अंग्रेजों से क्षमा-याचना नहीं की। आज हम सभी पवित्र भूमि जबलपुर में राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह की शहादत का स्मरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान और जीवन पर फिल्म तैयार की गई है। जिन्होंने कभी स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं दिया, उनके नाम सबसे ऊपर आते हैं। अब हमारी सरकार ने पाठ्यपुस्तकों में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को शामिल किया है। भावी-पीढ़ी इससे परिचित होगी। मंत्री श्री शाह ने कहा कि आगामी 5 अक्‍टूबर को वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती है, इस अवसर पहली बार उनके 52 गढ़ों के वशंजों को राज्य सरकार सम्मानित करेगी। जबलपुर के अलावा हरसूद में भी रानी दुर्गावती की जयंती पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला……….
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इनफार्मेशन सेंटर, गीता भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होकर रक्तदाताओं से भेंट की। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस सेवाभावी कार्य की सराहना की और उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी ‘इंदू’, संतोष वरकड़े, नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के नागरिक उपस्थित थे। वहीं कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्‍याय सहित अन्‍य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।