डेली सोप का हिस्सा होने का मतलब अक्सर यह होता है कि जब बाकी लोग त्योहार और खास मौकों का जश्न अपने परिवार के साथ मना रहे होते हैं, तब एक्टर्स शूटिंग कर रहे होते हैं। उड़ने की आशा में लीड भूमिका निभा रहे अभिनेता कंवर ढिल्लों के लिए भी काम का व्यस्त शेड्यूल कई बार उन्हें परिवार के खास मौकों से दूर कर देता है। हालांकि, अभिनेता का कहना है कि उनका परिवार उनके प्रोफेशन की मांगों को अच्छी तरह समझता है और इसी वजह से उन्हें इस बात को लेकर कोई शिकायत नहीं है।एक्टर की जिंदगी की चमक-दमक के पीछे जो चीजें दर्शकों को नजर नहीं आतीं, उनके बारे में बात करते हुए कंवर कहते हैं, “एक्टर की जिंदगी में पर्दे के पीछे क्या चल रहा है, यह ऐसी चीज है जिसे लोग वास्तव में गहराई से देख या समझ नहीं पाते। रोजमर्रा की जिंदगी में मैं बाहर जाकर यह नहीं बताने वाला कि आज मैंने क्या मिस किया और मैं क्या नहीं कर पाया।”

