:: 8.15 करोड़ की परियोजना से बढ़ेगी सुरक्षा, मुख्यालय से होगी रियल-टाइम मॉनिटरिंग ::
भोपाल/इंदौर । मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने राज्य के एक्स्ट्रा हाई टेंशन (ईएचटी) सबस्टेशनों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए हाई-परफॉर्मेंस एचडी सीसीटीवी कैमरों की स्थापना शुरू कर दी है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि लगभग 8.15 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर सहित प्रदेश के 417 सबस्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक निगरानी प्रणाली से जोड़ा जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित यह पहल विद्युत ग्रिड को चोरी, अनाधिकृत प्रवेश और संभावित नुकसान से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कैमरों की स्थापना से मानव संसाधन आधारित सुरक्षा व्यवस्था के साथ तकनीकी निगरानी की दोहरी सुरक्षा परत तैयार होगी।
उन्होंने बताया कि ट्रांसफॉर्मरों से कॉपर न्यूट्रल स्ट्रिप चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। कॉपर स्ट्रिप ट्रांसफॉर्मर का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है और इसकी चोरी से ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने के साथ बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित हो सकती है। ट्रांसफॉर्मर बदलने में कई माह लग जाते हैं, जिससे उपभोक्ताओं और कंपनी दोनों को नुकसान उठाना पड़ता है।
:: नाइट विजन और 360 डिग्री निगरानी की सुविधा ::
स्थापित किए जा रहे एचडी कैमरों में 360 डिग्री कवरेज, नाइट विजन, मोशन डिटेक्शन और हाई-रिजॉल्यूशन रिकॉर्डिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में भी संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।
:: मोबाइल और मुख्यालय से होगी निगरानी ::
कैमरों की लाइव फीड संबंधित सबस्टेशन प्रभारियों को मोबाइल पर उपलब्ध रहेगी। साथ ही ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के माध्यम से जबलपुर स्थित शक्तिभवन मुख्यालय के केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से सभी 417 सबस्टेशनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
एमपी ट्रांसको के अनुसार इस तकनीकी व्यवस्था से सुरक्षा बढ़ने के साथ किसी भी तकनीकी गड़बड़ी, अनाधिकृत प्रवेश या आपात स्थिति की तत्काल जानकारी मिल सकेगी, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।

