कौशांबी टोल प्लाजा पर एलपीजी टैंकर में भीषण आग

ताज़ा खबर देश

-टोल से टकराने के बाद हुआ धमाका, 5 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे; दो किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें
कौशांबी । उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा पर एक एलपीजी टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ और टैंकर में भीषण आग लग गई। हादसे में पांच टोल कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
यह घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। टोल प्लाजा के आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मीडिया रिपोर्ट में प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया जा रहा है, कि टक्कर के बाद हुए धमाके से टोल बूथ के पास मौजूद कर्मचारी आग की चपेट में आ गए। कई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए और सड़क किनारे दर्द से तड़पते दिखाई दिए। आग इतनी विकराल थी कि कोई भी व्यक्ति उनके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, एलपीजी टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। टैंकर की रफ्तार लगभग 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। ओवरटेक करने के दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे टैंकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया और टोल प्लाजा से जा भिड़ा। हादसे के दौरान चालक और परिचालक टैंकर से कूदकर बाहर निकल गए। बाद में वे घटनास्थल से चले गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
गैस रिसाव के बाद हुआ धमाका
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने मीडिया को बताया, कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया था। गैस के रिसाव के कारण पहले तेज धमाका हुआ और उसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। उन्होंने बताया कि घटना की तकनीकी जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) और विशेषज्ञ टीम को मौके पर बुलाया गया है। जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
पांच घायलों को प्रयागराज रेफर
हादसे में कुल सात लोग घायल हुए। सभी को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने पांच घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। टोल प्लाजा के आसपास यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।