-भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी का आरोप- राहुल सत्ता में आने के लिए बेताब
नई दिल्ली । मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सड़क पर प्रदर्शन के जरिए भारत में नेपाल और बांग्लादेश जैसी अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सत्ता में आने के लिए बेताब हैं और विरोध प्रदर्शन के जरिए देश में अशांति पैदा करना चाहते हैं।
भाजपा प्रवक्ता भंडारी ने बुधवार के प्रदर्शन से जुड़े कुछ वीडियो फुटेज दिखाते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। उन्होंने दावा किया कि एक वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिसकर्मी को धक्का देते और लात मारते दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो के आधार पर उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी राहुल गांधी से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील कर रहे थे, लेकिन राहुल ने पुलिसकर्मी को धक्का दिया। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पुलिस के साथ टकराव का वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने एक अन्य वीडियो का हवाला देते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा पर भी पुलिसकर्मियों को धक्का देने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
भंडारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग से जुड़ा मामला पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और सड़क पर किए जा रहे प्रदर्शन का न्यायिक प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विरोध प्रदर्शन के जरिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर दबाव डालने और न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अंतर्राष्ट्रीय ताकतें राहुल गांधी के साथ मिलकर भारत में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। भंडारी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत और सुरक्षित है। उन्होंने राहुल गांधी के राजनीतिक उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका मकसद लोकतंत्र नहीं बल्कि परिवार को फिर से सत्ता में लाना है।

