बंबई बाजार में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 120 केन बीयर सहित वाहन जब्त

इंदौर

:: 1.41 लाख की अवैध मदिरा बरामद, आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल ::
इंदौर । आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बंबई बाजार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 केन बियर और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटर जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 41 हजार 800 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश तथा सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र जोशी के निर्देशन में किया गया।
जानकारी के अनुसार, बंबई बाजार वृत्त प्रभारी एवं उप निरीक्षक मीरा सिंह की टीम ने 24 जून 2026 की रात तेज बारिश के बीच भोलेनाथ मंदिर के पास लोहा मंडी मार्केट क्षेत्र में मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान जुपिटर स्कूटर (एमपी 09 एके 4043) से 120 केन बियर बरामद की गईं, जिन्हें बोरी, पिट्ठू बैग और स्कूटर की डिक्की में छिपाकर रखा गया था।
आरोपी राहुल अलोने, निवासी तिरुपति नगर, एयरपोर्ट रोड, इंदौर के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने देबू ठाकुर के लिए काम करने की बात स्वीकार की है, जिसकी जांच जारी है।