:: राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त करने के कड़े निर्देश, अध्यक्ष बोले- राजस्व विभाग से समन्वय कर बोर्ड के नाम दर्ज कराएं भूमि ::
इंदौर । मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल (हाउसिंग बोर्ड) वृत्त इंदौर द्वारा विभिन्न कॉलोनियों के निवासियों की वर्षों पुरानी समस्याओं के निराकरण के लिए गुरुवार को एक विशेष समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। प्रेस कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित वृत्त कार्यालय में आयोजित इस शिविर में मुख्य रूप से मंडल के अध्यक्ष ओम जैन उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
शिविर में मुख्य रूप से विभिन्न कॉलोनियों से आए लगभग 300 हितग्राहियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इस दौरान नामांतरण, लीज नवीनीकरण, रजिस्ट्री, फ्रीहोल्ड और अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदनों पर त्वरित सुनवाई की गई। मंडल प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए प्राप्त आवेदनों में से 105 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया। इसके साथ ही 5 हितग्राहियों को तत्काल नामांतरण एवं फ्रीहोल्ड प्रमाण-पत्र भी सौंपे गए।
:: अभिलेखों में विसंगति पर अध्यक्ष सख्त ::
शिविर के दौरान उन संपत्तियों के फ्रीहोल्ड से जुड़े मामलों पर विशेष रूप से चर्चा हुई, जिनका नाम वर्तमान में राजस्व अभिलेखों में हाउसिंग बोर्ड के नाम दर्ज नहीं है। मंडल अध्यक्ष ओम जैन ने इस तकनीकी खामी को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी तत्काल राजस्व विभाग से समन्वय (तालमेल) स्थापित करें और संबंधित कॉलोनियों की भूमि का नामांतरण हर हाल में मंडल के नाम कराना सुनिश्चित करें।
इसके अलावा, नियमों और प्रक्रियाओं में सुधार से संबंधित नीतिगत मामलों के निराकरण के लिए मुख्यालय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर में पहुंचे हितग्राहियों ने इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए अध्यक्ष एवं मंडल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

