सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने का अभियान जारी, 20 पशु कांजी हाउस और 4 आसरा पशु चिकित्सालय भेजे

मध्य प्रदेश

भोपाल । नगर निगम द्वारा शहर की सड़कों, फुटपाथों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वतंत्र रूप से विचरण करने वाले पशुओं को हटाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। शुक्रवार को निगम की गोवर्धन परियोजना शाखा ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 20 आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा, जबकि बीमार एवं घायल 4 पशुओं को उपचार के लिए आसरा पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया। इसके अलावा हाका पार्टी ने 15 पशुओं को सड़कों से हटाया तथा 20 पशुओं को अरवलिया कांजी हाउस से गौरी गोपाल गौशाला भेजा गया।
निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर अन्ना नगर, पिपलानी, 10 नंबर स्टॉप, शाहपुरा, नेहरू नगर, कोटरा, भदभदा, सूरज नगर, लांबाखेड़ा, नवीबाग, भोपाल मेमोरियल अस्पताल, भानपुर, पीपुल्स मॉल, करोंद चौराहा, नयापुरा, जेल रोड, आशाराम चौराहा, वीआईपी रोड, खानूगांव, रॉयल मार्केट और शाहजहांनाबाद सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।
नगर निगम का उद्देश्य सड़कों पर आवारा पशुओं की आवाजाही से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना तथा पशुओं को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं को खुला न छोड़ें और इस अभियान को सफल बनाने में सहभागिता करें।