:: महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ अम्बिकापुरी खाटू श्याम मंदिर का 29वां वार्षिकोत्सव संपन्न ::
इंदौर । एयरपोर्ट रोड स्थित अम्बिकापुरी खाटू श्याम मंदिर का 29वां सात दिवसीय वार्षिकोत्सव शुक्रवार को खाटू श्याम महायज्ञ की पूर्णाहुति और यज्ञनारायण के जयघोष के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर श्याम बाबा का विशेष पुष्प एवं विद्युत श्रृंगार कर उन्हें आम्र वाटिका स्वरूप पुष्प बंगले में विराजित किया गया। मनोहारी श्रृंगार और पुष्प बंगले के दर्शन के लिए देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज के सान्निध्य में आयोजित समापन समारोह में अखिल भारतीय खाटू श्याम अखाड़े के अनेक संत-महंत एवं विद्वान शामिल हुए। संतों ने खाटू श्याम बाबा की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और सदाचार का संदेश दिया। महंत नीलू बाबा ने बताया कि महोत्सव के दौरान आयोजित चलित भंडारे में तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
समापन अवसर पर महोत्सव से जुड़े सहयोगी महेश वर्मा, चिराग शर्मा, अनमोल दुबे, मंथन गराड़े, लगातार राठौर, गणेश शर्मा, मनीष शर्मा और सुनील राजोरिया सहित कार्यकर्ता मंथन राठौर, हेमंत महेश्वरी, गब्बर राठौर, नितिन बागड़ी, बिट्टू विश्वकर्मा, गोपी पुरोहित और महेंद्र सांखला का स्वामी गोपालदास महाराज एवं महंत नीलू बाबा ने सम्मान किया। महिला मंडल की भारती शर्मा, खुशी शर्मा, मुस्कान शर्मा, तमन्ना शर्मा, योगिता शर्मा, पूजा शर्मा, आस्था शर्मा और किरण अग्रवाल ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। इससे पहले दोपहर में महिला मंडल की सैकड़ों महिलाओं ने श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।
महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज ने श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। अंत में महंत नीलू बाबा ने संतों, अतिथियों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी संत-विद्वानों का सम्मान कर उन्हें विदाई दी।

