लोहगढ़ किले पर आरोपियों को ले जाकर घटना दोहराई
पुणे । चर्चित पुणे मर्डर केस की जांच में पुलिस ने रविवार को महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लोहगढ़ किले पर घटनास्थल का सीन रीक्रिएट किया। पुलिस टीम सुबह केतन मडर केस की आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को किले पर लेकर पहुंची, जहां लगभग ढाई घंटे तक जांच प्रक्रिया चली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केतन के समान वजन की एक डमी तैयार की गई थी, जिसके माध्यम से घटना को दोहराकर यह समझने का प्रयास किया गया कि कथित वारदात किस प्रकार अंजाम दी गई। डीएसपी गजानन टोंपे ने बताया कि आरोपी सिया गोयल के बताए अनुसार पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सिया और चेतन ने कथित तौर पर गूगल पर लोहगढ़ किले के खतरनाक स्थानों और गहरी खाइयों से संबंधित जानकारी खोजी थी।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने इंटरनेट पर ऐसे सवाल भी सर्च किए, जिनमें पुलिस जांच से बचने, सबूत मिटाने और पूछताछ के दौरान जवाब देने से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं। साथ ही, व्हाट्सएप संदेशों को हटाने संबंधी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, चेतन चौधरी ने घटना वाले दिन अपनी पहचान छिपाने के लिए अपना मोबाइल फोन एक दुकान पर छोड़ दिया था और दूसरे मोबाइल का इस्तेमाल किया था। डिलीट किए गए व्हाट्सएप संदेशों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष सभी वैज्ञानिक एवं फोरेंसिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही सामने आएंगे।

