इंडिगो फ्लाइट की सूरत में आपात लैंडिंग

ताज़ा खबर देश

अचानक बेहोश हुआ 3 वर्षीय बच्चा, डॉक्टरों और क्रू की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सूरत । अहमदाबाद से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई-7018 में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन वर्षीय बच्चा अचानक बेहोश हो गया। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित करते हुए विमान की सूरत एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई। समय पर मिली चिकित्सा सहायता से बच्चे की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, सौरभ नामक तीन वर्षीय बच्चा अपने परिजनों के साथ अहमदाबाद से मुंबई जा रहा था। उड़ान के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। बच्चे की हालत देखकर विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू सदस्यों के बीच चिंता का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए विमान में यात्रा कर रहे दो डॉक्टर तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने प्राथमिक चिकित्सा देकर बच्चे की हालत को स्थिर करने का प्रयास किया। इस दौरान केबिन क्रू ने भी डॉक्टरों का पूरा सहयोग किया और पायलट को स्थिति से अवगत कराया।
यात्री की गंभीर हालत को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी घोषित की। इसके बाद विमान को सूरत एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया और सुरक्षित रूप से उतारा गया। एयरपोर्ट पर पहले से ही चिकित्सा टीम और एंबुलेंस को तैनात कर दिया गया था। विमान के उतरते ही बच्चे को तत्काल सूरत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।