‘लगान’ के 25 साल :खास जश्न के लिए मेलबर्न जाएंगे आमिर खान

मनोरंजन

भारत के बाहर भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े उत्सव इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न के 17वें संस्करण का आयोजन इस साल 13 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। इस बार फेस्टिवल की शुरुआत एक खास कर्टेन रेज़र कार्यक्रम से होगी, जो फेस्टिवल शुरू होने से एक महीने पहले आयोजित किया जाएगा। यह विशेष आयोजन ऑस्कर-नामांकित क्लासिक फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने के जश्न को समर्पित होगा।यह विशेष कार्यक्रम 9 जुलाई को मेलबर्न में आयोजित होगा, जहां अभिनेता और निर्माता आमिर खान फिल्म लगान की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम के साथ मेलबर्न के प्रतिष्ठित ACMI सिनेमा में इस साल के फेस्टिवल का औपचारिक आगाज़ होगा। भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाने वाली लगान सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म की श्रेणी में ऑस्कर के लिए नामांकित होने वाली भारत की दूसरी फिल्म थी। आज भी यह फिल्म दुनियाभर के दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाए हुए है।