-तेज प्रताप यादव ने वीणा मानवी को बनाया प्रत्याशी, पीके भी लड़ सकते हैं चुनाव
पटना । बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने कार्यक्रम घोषित कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता नितिन नवीन के इस्तीफे से रिक्त हुई इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसे देखते हुए सर्वप्रथम तेज प्रताप यादव ने पार्टी की ओर से वीणा मानवी को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर दी है। इसी के साथ पीके के चुनाव लड़ने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
उपचुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है, जबकि तेज प्रताप यादव ने सबसे पहले अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वीणा मानवी लंबे समय से महिला अधिकारों और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रही हैं। वह समृद्ध महिला विकास मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुकी हैं और पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा तथा पीड़ित महिलाओं को कानूनी एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने जनशक्ति जनता दल की सदस्यता लेकर सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया है। इससे पहले वह भारतीय जनता पार्टी की पटना महानगर महिला इकाई में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं।
वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) के भी बांकीपुर से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हैं। हालांकि उन्होंने अभी औपचारिक घोषणा नहीं की है। हाल ही में उन्होंने कहा था कि यदि उनके चुनाव लड़ने से भाजपा जैसी मजबूत पार्टी बांकीपुर सीट हारती है, तो वह चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, बांकीपुर पारंपरिक रूप से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। ऐसे में पार्टी किसे उम्मीदवार बनाती है और क्या प्रशांत किशोर चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है। संभावित त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति में यह उपचुनाव राज्य की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

