पार्षद पति आकाश कुशवाह पर पत्थरबाजी और प्रताड़ना के आरोप

इंदौर

:: सोमनाथ की जूनी चाल विवाद में एडवोकेट पलकेश कुशवाह ने प्रेस क्लब में रखे वीडियो और दस्तावेज, पुलिस पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप ::
इंदौर । सोमनाथ की जूनी चाल विवाद में एडवोकेट पलकेश कुशवाह और उनके परिवार ने वार्ड 46 की पार्षद के पति एवं कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आकाश कुशवाह और उनके परिजनों पर पत्थरबाजी, प्रताड़ना और अवैध कब्जे के आरोप लगाए हैं। इंदौर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर परिवार ने वीडियो और दस्तावेज प्रस्तुत किए। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद राजनीतिक दबाव में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की।
पलकेश कुशवाह ने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को उनके घर पर पत्थरबाजी और हमला हुआ था। घटना का 39 सेकंड का वीडियो और एमआईजी थाने व पुलिस आयुक्त को दिए गए शिकायत आवेदनों की डाक रसीदें उन्होंने प्रस्तुत कीं। परिवार ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की मांग की। उन्होंने 1 और 2 नवंबर 2026 की रात घर के बाहर से अंदर की वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने का आरोप भी लगाया।
परिवार ने आकाश कुशवाह के खिलाफ वर्ष 2021 के एफआईआर क्रमांक 177/2021 और वर्ष 2023 के एफआईआर क्रमांक 76/2023 का उल्लेख किया। साथ ही लक्ष्मी मेमोरियल हॉस्पिटल के पास नगर निगम के नाले की जमीन पर तीन शेड बनाकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने और नेहरू नगर में हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर कब्जे के आरोप लगाए।
पलकेश कुशवाह ने कहा कि वीडियो न्यायालय में आवश्यक प्रमाण-पत्र के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। परिवार ने संपत्ति पर कब्जे के आरोपों से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच और जमीन के सीमांकन की मांग की है। साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप की अपील की है।