:: 15 दिसंबर को पटेल प्रतिमा का लोकार्पण, 25 दिसंबर को अटलजी की प्रतिमा का अनावरण; सिरपुर में लगेगी स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा ::
इंदौर । शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात सुगम बनाने के लिए नगर निगम 15 स्थानों पर लेफ्ट टर्न व्यवस्थित करेगा। इसके साथ ही प्रमुख स्थलों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कर उनका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने यातायात विभाग की समीक्षा बैठक में इन कार्यों की समयसीमा तय कर अधिकारियों को निर्धारित अवधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
पटेल चौराहे पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा से जुड़े सभी कार्य 30 नवंबर तक पूरे किए जाएंगे। प्रतिमा का लोकार्पण 15 दिसंबर को होगा। वहीं, दशहरा मैदान परिसर में स्थापित की जा रही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण 25 दिसंबर को उनकी जयंती पर किया जाएगा। इसके शेष कार्य 15 दिसंबर तक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। सिरपुर स्थित देवी अहिल्या उद्यान में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापना के लिए 50 दिन की समयसीमा तय की गई है।
:: इन प्रमुख चौराहों पर सुधरेंगे लेफ्ट टर्न ::
यातायात सुधार के लिए खालसा, खजराना, वर्ल्ड कप, हाईकोर्ट, चाणक्यपुरी, नगर निगम, एमआर-10, तीन इमली, गोपुर, रसोमा, मृगनयनी और सत्यसाईं चौराहों सहित 15 स्थानों पर लेफ्ट टर्न व्यवस्थित किए जाएंगे। लोखंडे ब्रिज सहित अन्य स्थान भी योजना में शामिल हैं। हरसिद्धि चौराहे के विकास पर भी चर्चा की गई।
:: आठ पार्किंग साइट की टेंडर प्रक्रिया की समीक्षा ::
बैठक में नगर निगम की आठ पार्किंग साइटों की टेंडर प्रक्रिया और संचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा नेहरू पार्क में निर्माणाधीन चंद्रयान की प्रतिकृति का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यातायात प्रभारी राकेश जैन, पार्षद योगेश गेंदर, पंखुड़ी जैन डोसी, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पीएस कुशवाह और मयंक त्रिपाठी सहित विभागीय अधिकारी व कंसलटेंट मौजूद थे।

