मुश्ताक अली ट्रॉफी : वैभव के बिना बिहार ने रेलवे को 4 विकेट से हराया, सूरज कश्यप चमके

खेल मध्य प्रदेश

:: आयुष लोहारुका ने 29 गेंदों पर बनाए 58 रन, सूरज ने गेंद से 3 विकेट लेने के बाद नाबाद 13 रन बनाकर दिलाई जीत ::
इंदौर । सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी मुकाबले में सोमवार को बिहार ने रेलवे को 4 विकेट से हरा दिया। डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए मैच में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 137 रन बनाए। जवाब में बिहार ने 18.2 ओवर में 6 विकेट खोकर 141 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
इंडिया-ए में चयन के कारण वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में नहीं खेले। राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए चुने गए वैभव ने टूर्नामेंट के पहले मैच में बिहार की कप्तानी की थी। उनकी अनुपस्थिति में सूरज कश्यप ने टीम की कमान संभाली और अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से जीत में अहम भूमिका निभाई।
रेलवे की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 8 रन पर ही दो विकेट गंवा दिए। जयंत लखन ने 44 गेंदों पर 47 रन बनाकर पारी संभाली, जबकि जुबैर अली ने 18 गेंदों पर 26 और रवि सिंह ने 11 गेंदों पर 21 रन बनाए। बिहार की ओर से प्रशांत सिंह और सूरज कश्यप ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद इजहार ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की ओर से आयुष लोहारुका ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों पर 58 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। तरुण कुमार सिंह ने 20 और रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने 18 रन का योगदान दिया। कप्तान सूरज कश्यप 11 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।
रेलवे की ओर से मोहम्मद सैफ ने 2 विकेट लिए। सूरज कश्यप को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत से बिहार को 4 अंक मिले, जबकि रेलवे को कोई अंक नहीं मिला।