मौजूदा ट्रैक में शो ‘गंगा माई की बेटियां’ दिखा रहा है कि शादी के बाद पुरुष भी कई अनकही भावनात्मक जिम्मेदारियां निभाते हैं। एक तरफ सिद्धू की मां दुर्गावती (इंदिरा कृष्णन) हैं और दूसरी तरफ उसकी पत्नी स्नेहा। दोनों के बीच फंसा सिद्धू हर हाल में परिवार में शांति बनाए रखने की कोशिश करता है। वह अपनी भावनाओं को पीछे रखकर अपनी मां और पत्नी, दोनों रिश्तों को साथ लेकर चलने की पूरी कोशिश करता है। सिद्धू के इस सफर के जरिए शो उन पुरुषों की अनकही परेशानियों को भी सामने ला रहा है, जो अपने परिवार को जोड़े रखने के लिए अक्सर खुद की भावनाओं को दबा देते हैं।
शीज़ान खान ने कहा, “सिद्धू का किरदार निभाते हुए मैंने एक बात अच्छी तरह समझी है कि परिवार में शांति बनाए रखना बिल्कुल आसान नहीं होता, खासकर तब जब बात उन दो महिलाओं की हो, जिन्हें आप सबसे ज्यादा प्यार करते हैं, यानी अपनी मां और अपनी पत्नी। शादी के बाद महिलाओं के समझौते और जिम्मेदारियों की बात अक्सर होती है, लेकिन मेरा मानना है कि पुरुष भी शादी के बाद अपनी तरह की भावनात्मक चुनौतियों से गुजरते हैं।

