अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस पर पुतिन ने ट्रंप को दी बधाई

अंतरराष्ट्रीय

रूस आने का न्योता, 90 मिनट तक हुई दोनों नेताओं के बीच बातचीत
वॉशिंगटन । अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन कर शुभकामनाएं दीं। रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के अनुसार दोनों नेताओं के बीच करीब 90 मिनट तक बातचीत हुई, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ यूक्रेन युद्ध और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने ट्रंप को रूस आने का निमंत्रण भी दिया। हालांकि प्रस्तावित यात्रा की तारीख और कार्यक्रम को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
क्रेमलिन के मुताबिक बातचीत के दौरान यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और शांतिपूर्ण समाधान की संभावनाओं पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका जल्द से जल्द संघर्ष समाप्त करने और संकट का समाधान तलाशने के लिए तैयार है। वहीं रूस ने दोहराया कि वह बातचीत और कूटनीति के माध्यम से समाधान का पक्षधर है, लेकिन किसी भी समझौते में उसकी मूलभूत सुरक्षा और रणनीतिक शर्तों को शामिल किया जाना आवश्यक है। रूसी अधिकारियों ने इस वार्ता को सकारात्मक और उपयोगी बताया है। दोनों नेताओं के बीच मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और भविष्य में संवाद जारी रखने पर भी सहमति बनी।
ट्रंप ने जेलेंस्की से भी की बात
इसी क्रम में राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से भी अलग से फोन पर बातचीत की। जेलेंस्की ने इस वार्ता को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग और शांति प्रयासों पर सार्थक चर्चा हुई।
अमेरिका दुनिया के लिए उम्मीद का प्रतीक
इस बीच अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति ट्रंप ने देशवासियों को संबोधित करते हुए अमेरिका की ऐतिहासिक यात्रा और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई सौ वर्षों से अमेरिका पूरी दुनिया के लिए उम्मीद, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक बना हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि ईश्वर की कृपा से देश भविष्य में भी इसी तरह प्रगति और नेतृत्व की राह पर आगे बढ़ता रहेगा। ट्रंप ने कहा कि 4 जुलाई 1776 से 4 जुलाई 2026 तक की यात्रा ने साबित किया है कि अमेरिका हर चुनौती का सामना करने और अपनी स्वतंत्रता की रक्षा करने में सक्षम है। उन्होंने दावा किया कि आज का अमेरिका पहले की तुलना में अधिक मजबूत, समृद्ध, सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरा हुआ है।