श्री नेमी गिरनार समर्पण शोभायात्रा आज पहुंचेगी इन्दौर, लहरायेगा 1008 फीट का तिरंगा और जैन ध्वज

इंदौर

इन्दौर मालवा की धर्मनगरी इंदौर एक बार फिर ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पल की गवाह बनने जा रही है। विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन के नेतृत्व में दिल्ली की पावन धरा से शुरू हुई भव्य श्री नेमी गिरनार समर्पण शोभायात्रा आज 9 जुलाई गुरुवार को इंदौर प्रवेश करेगी। विश्व जैन संगठन के प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि इस यात्रा के स्वागत और अगवानी को लेकर पूरे इंदौर के जैन समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इंदौर इकाई के अध्यक्ष मंयक जैन ने कहा कि इस भव्य समर्पण शोभायात्रा को बेहद ऐतिहासिक और भव्य रूप दिया जा रहा है। यात्रा में 1008 फीट लंबा विशाल राष्ट्रध्वज तिरंगा और साथ ही 1008 फीट लंबा जैन पचरंगी जैन ध्वज मुख्य रूप से शामिल रहेगा, जो जन-जन में राष्ट्रभक्ति और धर्म के प्रति अगाध श्रद्धा का संचार करेगा।
यात्रा में पावन सिद्ध क्षेत्र गिरनार जी की भव्य व अलौकिक झांकी के दर्शन होंगे। इसके साथ ही, एक विशेष सुसज्जित रथ में देवाधिदेव 22वें तीर्थंकर भगवान श्री नेमीनाथ स्वामी विराजमान रहेंगे। यात्रा में पूज्य साधु-संतों का मिलेगा पावन महासमागम
इस यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि इसमें पूज्य साधु-संतों का पावन समागम होने जा रहा है। संतों के मंगल सानिध्य और मंगल प्रवचनों से पूरी इंदौर नगरी धर्ममय हो उठेगी।
इस यात्रा का एकमात्र मुख्य उद्देश्य भगवान श्री नेमीनाथ स्वामी के प्रति समर्पण भाव जागृत करना और संपूर्ण जैन समाज को एकता के सूत्र में पिरोना है।
राजवाड़ा से महावीर बाग तक बिखरेगी भक्ति की छटा – शोभायात्रा के भव्य स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सकल समाज ने इंदौर वासियों से अपील की है कि वे सुबह ठीक 7:30 बजे राजवाड़ा पर अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं और इस यात्रा का ऐसा ऐतिहासिक व अद्भुत स्वागत करें।
आयोजकों के अनुसार इस भव्य समर्पण यात्रा की पूर्णता आगामी 20 जुलाई को होगी, जिस दिन भगवान नेमीनाथ का पावन निर्वाण महोत्सव है। इस पावन अवसर पर पूरे देश से समाज को बड़ी संख्या में गिरनार जी पहुंचकर सिद्ध क्षेत्र की वंदना करने का संकल्प भी दिलाया जाएगा।