:: नगर निगम की बड़ी कार्रवाई; कैचमेंट एरिया में बनी 100 मीटर लंबी अवैध दीवार भी की जमींदोज ::
इंदौर । जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर निगम ने जल स्रोतों के संरक्षण और उनके मूल स्वरूप को लौटाने के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर निगम की रिमूवल टीम ने आज जोन क्रमांक-22 के वार्ड क्रमांक-35 स्थित तलावली चांदा तालाब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। यहाँ तालाब के कैचमेंट एरिया (भराव क्षेत्र) में अवैध रूप से बनाई गईं 14 पक्की दुकानों और करीब 100 मीटर लंबी पक्की दीवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, तालाबों के कैचमेंट एरिया और पानी की आवक वाले प्राकृतिक जल प्रवाह मार्गों से अतिक्रमण हटाने का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल के प्राकृतिक संग्रहण को सुनिश्चित करना है। भराव क्षेत्र में अवैध निर्माण होने से तालाबों का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा था।
निगम प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि शहर के तालाबों, पारंपारिक जल स्रोतों और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में अन्य जल स्रोतों के आसपास चिन्हित किए गए अवैध निर्माणों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

