इंदौर में बनेगा 50 बिस्तरीय आयुर्वेद सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल

इंदौर

अष्टांग आयुर्वेद महाविद्यालय की बैठक में मंत्री परमार के निर्देश, ड्रग टेस्टिंग लैब और शोध पर भी जोर ::
इंदौर । आयुर्वेद चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए इंदौर में 50 बिस्तरीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल शुरू किया जाएगा। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार ने मंगलवार को शासकीय स्वशासी अष्टांग आयुर्वेद महाविद्यालय, लोकमान्य नगर में आयोजित साधारण सभा की बैठक में अधिकारियों को इस दिशा में कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री परमार ने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, चिकित्सा सेवाओं और आगामी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा को समर्पण भाव से अपनाने और मरीजों की बेहतर सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, विधायक महेंद्र हार्डिया, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजीतपाल सिंह चौहान सहित संस्था के सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
:: आयुर्वेद शोध और सुविधाओं के विस्तार पर जोर ::
मंत्री परमार ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए परिणाम आधारित कार्य जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध औषधीय वनस्पतियों पर शोध को बढ़ावा दिया जाए, ताकि पारंपरिक ज्ञान का उपयोग चिकित्सा क्षेत्र में किया जा सके।
उन्होंने इंदौर में निजी औषधि निर्माता कंपनियों की दवाओं की गुणवत्ता जांच के लिए महाविद्यालय में ड्रग टेस्टिंग लैब स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
:: 100 पीजी सीटों के अनुसार बढ़ेगी फैकल्टी ::
मंत्री ने महाविद्यालय में शुरू की गई 100 स्नातकोत्तर सीटों के अनुपात में शिक्षण फैकल्टी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष अधिकारी गांवों में जाकर लोगों का प्रकृति परीक्षण करें और उन्हें स्वस्थ जीवन शैली के साथ रसोई में उपलब्ध मसालों के औषधीय उपयोग की जानकारी दें।
:: 20 एकड़ भूमि पर विकसित होंगी नई सुविधाएं ::
बैठक में महाविद्यालय और चिकित्सालय के विस्तार के लिए करीब 20 एकड़ भूमि आवंटन का प्रस्ताव रखा गया। प्रस्तावित भूमि पर अत्याधुनिक स्नातकोत्तर शिक्षण केंद्र, ड्रग टेस्टिंग लैब, एनिमल हाउस, स्टाफ क्वार्टर, फार्मेसी, नक्षत्र गार्डन और वनौषधि उद्यान विकसित करने की योजना है।
मंत्री परमार ने प्रस्तावित भूमि पर आवश्यक सुविधाओं के साथ निर्माण कार्य के लिए सहमति दी।
:: 40 मरीजों की एक साथ जांच होगी ::
बैठक के दौरान अस्पताल में 6.50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ऑटो एनालाइजर मशीन का शुभारंभ किया गया। इस मशीन से एक साथ 40 मरीजों के रक्त परीक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी।