नेपानगर। क्षेत्र लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच ग्राम रहमानपुर में मछली पकड़ने गए तीन युवक नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच धारा में फंस गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो गुरुवार को सामने आया।
अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर:
जानकारी के अनुसार, मनु पिता कालूराम, अजय पिता प्रकाश और शिवशंकर पिता सोपान नदी में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और तीनों युवक बीच धारा में फंस गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और रस्सी के सहारे उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा:
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। करीब एक घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय पर किए गए प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया। रहमानपुर पंचायत सचिव सूरज मार्को ने बताया कि घटना बुधवार दोपहर की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उस समय नदी का बहाव काफी तेज था।
बारिश से उफान पर हैं नदी-नाले:
बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। लगातार बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर आ गए और कई रपटों के ऊपर से पानी बहता रहा। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।

