बिना पर्ची गर्भपात की दवा बेच रहा था मेडिकल स्टोर, सील

इंदौर

:: एमवाय अस्पताल के सामने कार्तिक केमिस्ट पर कार्रवाई; जिले के 13 मेडिकल स्टोर्स की जांच, छह को नोटिस ::
इंदौर । बिना चिकित्सकीय पर्ची के गर्भपात की दवा बेचने पर एमवाय अस्पताल के सामने स्थित कार्तिक केमिस्ट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। औषधि विभाग की टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त छापामार कार्रवाई कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। विभाग ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
औषधि नियंत्रक मनोज पुष्प के आदेश तथा कलेक्टर शिवम वर्मा एवं सीएमएचओ के निर्देशन में जिलेभर के मेडिकल स्टोर्स की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में 27 जुलाई को औषधि निरीक्षकों की टीम ने थाना संयोगितागंज पुलिस के साथ एमवाय अस्पताल के सामने स्थित कार्तिक केमिस्ट की जांच की।
जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से गर्भपात में उपयोग होने वाली कॉन्ट्राकिट दवा का बिना डॉक्टर की पर्ची के विक्रय पाया गया। औषधि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया।
:: 13 दुकानों की जांच, छह को नोटिस ::
औषधि विभाग के अनुसार अब तक जिले के 13 मेडिकल स्टोर्स की जांच की जा चुकी है। इनमें छह दुकानों पर विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
विभाग की टीम मेडिकल स्टोर्स पर फार्मासिस्ट की उपलब्धता, नार्कोटिक्स श्रेणी की दवाओं और गर्भपात संबंधी औषधियों की बिक्री की विशेष निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।