साध्वी ऋतुम्भरा ने किया बाणेश्वरी कावड़ यात्रा का स्वागत

इंदौर धार्मिक

:: महेश्वर से महाकाल तक 180 किमी की यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गुरुवार शाम इंदौर पहुंचेगी यात्रा ::
इंदौर । महेश्वर के अहिल्या घाट से सावन के पहले सोमवार को शुरू हुई बाणेश्वरी कावड़ यात्रा मंगलवार को गुजरी से मानपुर पहुंच गई। यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं का प्रख्यात साध्वी दीदी मां ऋतुम्भरा देवी ने स्वागत किया। उन्होंने यात्रा संयोजक विधायक गोलू शुक्ला सहित सभी कावड़ यात्रियों को सनातन परंपरा और धार्मिक आस्था को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।
गुजरी फाटे पर सुबह योग, प्राणायाम, पौधरोपण और पूजा-अर्चना के बाद यात्रा आगे बढ़ी। इस दौरान साध्वी ऋतुम्भरा देवी के पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ गया। बोल बम और जय शिव के जयघोष के बीच उन्होंने यात्रियों को शुभाशीष दिया।
महेश्वर से महाकालेश्वर तक करीब 180 किलोमीटर की पदयात्रा में जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए हैं। गुजरी से मानपुर मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए फलाहार, स्वल्पाहार और विश्राम की व्यवस्थाएं की गईं। विभिन्न जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी यात्रा का स्वागत किया।
युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन और पूर्व विधायक पांचीलाल मीणा ने भी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए आयोजन की सराहना की।
:: गुरुवार शाम इंदौर पहुंचेगी यात्रा ::
यात्रा प्रभारी दीपेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि मंगलवार रात मानपुर में विश्राम के बाद बुधवार सुबह यात्रा महू के लिए रवाना होगी। गुरुवार 6 अगस्त की शाम यात्रा अन्नपूर्णा रोड स्थित द्वारका गार्डन पहुंचेगी, जहां भजन संध्या के बाद रात्रि विश्राम होगा।
शुक्रवार 7 अगस्त को सुबह 9 बजे अन्नपूर्णा मंदिर में चुनरी समर्पण और भगवान शिव की पूजा-अर्चना के बाद यात्रा इंदौर नगर भ्रमण पर निकलेगी। यात्रा महू नाका, लालबाग, जयरामपुर कॉलोनी, कलेक्टोरेट, यशवंत रोड, राजवाड़ा, इमली बाजार, सदर बाजार और मरीमाता चौराहा होते हुए बाणगंगा मार्ग से रेवती रेंज पहुंचेगी।
इंदौर में यात्रा के स्वागत के लिए करीब 300 मंच और तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा 7 अगस्त को इंदौर, 8 अगस्त को पंथ पिपलई और 9 अगस्त को उज्जैन पहुंचेगी। सावन के दूसरे सोमवार 10 अगस्त को भगवान महाकालेश्वर का जलाभिषेक किया जाएगा।