केयर टेकर बनकर घरों में घुसी, 10 लाख के जेवर लेकर फरार

इंदौर

:: बच्चों की देखभाल के बहाने बनाती थी भरोसा, जूनी इंदौर पुलिस ने महिला आरोपी को पकड़ा ::
इंदौर (ईएमएस)। घरों में केयर टेकर बनकर भरोसा जीतने के बाद चोरी करने वाली महिला को जूनी इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपिया मौका मिलते ही घर से जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त जोन-4 सुनील कुमार मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन और एसीपी जूनी इंदौर विजय चौधरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी अनिल गुप्ता की टीम ने महिला को पकड़ा।
:: दो घरों में चोरी की वारदात ::
पुलिस के अनुसार 26 मार्च को आकांक्षा अपार्टमेंट, सर्वोदय नगर निवासी संजरी अग्रवाल के फ्लैट से सोने-चांदी के जेवर और चार लाख रुपये नकद चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। इसके बाद 23 जुलाई को बीके सिंधी कॉलोनी निवासी दिव्या केवलरामानी के घर से सोने के जेवर और नकदी चोरी की वारदात सामने आई।
:: 200 सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग ::
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि एक महिला चोरी के जेवर बेचने या गिरवी रखने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने संदेह के आधार पर महिला को पकड़ा। उसकी पहचान विनिता पति किशन अग्रवाल, निवासी सिंधी कॉलोनी, इंदौर के रूप में हुई।
:: पूछताछ में कबूली वारदात ::
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह घरों में केयर टेकर का काम करती थी और मौका देखकर चोरी कर लेती थी। उसने जूनी इंदौर क्षेत्र की दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
महिला की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चार चेन, तीन अंगूठी, दो जोड़ी कान के टॉप्स, एक सोने का लॉकेट, करीब 50 ग्राम वजन के सोने के आभूषण और 28 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए। बरामद माल की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस महिला से शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता, उप निरीक्षक सतीश कुमार गर्ग, सहायक उप निरीक्षक गजेंद्र सिंह यादव सहित थाना जूनी इंदौर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।