:: दशहरा मैदान से रणजीत हनुमान तिराहे तक गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष; सैकड़ों श्रद्धालुओं ने खींची पालकी ::
इंदौर । श्रावण के अंतिम सोमवार को पश्चिमी इंदौर स्थित प्राचीन अन्नपूर्णा मंदिर से भगवान भोलेनाथ की शाही सवारी निकली। ढोल-ढमाकों और बैंड-बाजों के बीच निकली सवारी का मार्ग में जगह-जगह स्वागत हुआ। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी का पूजन किया और सैकड़ों भक्त पालकी व रथ को हाथों से खींचते हुए चले। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और माता अन्नपूर्णा के जयघोष गूंजते रहे।
सवारी से पहले मंदिर परिसर स्थित नीलकंठेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सानिध्य में विद्वान पंडितों ने लघु रुद्र एवं सहस्रार्चन अनुष्ठान किया।
आश्रम के संचालक स्वामी जयेन्द्रानंद गिरि ने बताया कि सवारी दशहरा मैदान मेन रोड, उषा नगर, रणजीत हनुमान तिराहा और नरेंद्र तिवारी मार्ग से होते हुए मंदिर लौटी। जगह-जगह भक्तों ने स्वागत मंच लगाकर पुष्पवर्षा की। पालकी को हाथों से खींचने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा।
सवारी में विधायक मधु वर्मा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा, पार्षद अभिषेक बबलू शर्मा, शानू शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मंदिर पहुंचने पर सत्यनारायण शर्मा, श्याम सिंघल, विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग और सुनील गुप्ता सहित ट्रस्ट परिवार के सदस्यों ने आरती की।
मंदिर में चल रहे श्रावणी अनुष्ठान के तहत लघु रुद्र एवं सहस्रार्चन का क्रम 28 अगस्त तक चलेगा।

