ई-20 यानी दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली

ताज़ा खबर देश-विदेश

राहुल गांधी का कार की टंकी का ढक्कन खालने और ई-20 पेट्रोल पर सवाल उठाने वाला वीडियो हुआ वायरल
नई दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ई-20 पेट्रोल को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करीब 53 सेकेंड का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह एक कार की पेट्रोल टंकी का ढक्कन खोलकर ई-20 ईंधन को लेकर सवाल उठाते नजर आए। वीडियो में राहुल ने कार की पेट्रोल टंकी का ढक्कन खोलकर उसके अंदर झांका और कहा, “नॉर्मली हम कहते हैं कि दाल में काला है, लेकिन यहां पूरी दाल ही काली है।”
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में इस समय भ्रष्टाचार के कई मामले हैं और ई-20 ईंधन भी उनमें से एक है। उन्होंने कहा कि ई-20 के कारण लोगों की कार और स्कूटर खराब हो रहे हैं। उनका दावा है कि इसका असर केवल लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर ही नहीं पड़ रहा, बल्कि वाहन खराब होने के कारण लोगों की जेब पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। राहुल गांधी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सरकार आरोपों को कर रही खारिज
राहुल गांधी के इस पोस्ट से पहले ही केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को दिल्ली में ई-20 ईंधन को लेकर सरकार का पक्ष रखा था। उन्होंने कहा कि भारत का बायोफ्यूल ब्लेंडिंग कार्यक्रम बेहतर तरीके से काम कर रहा है और इसके परिणाम भी काफी अच्छे रहे हैं। पुरी ने कहा कि कुछ लोग ई-20 को लेकर बेवजह विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।