नई दिल्ली । केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बदले रुख का स्वागत किया है। रिजिजू ने कहा कि सभी पार्टियों को सीटों के निष्पक्ष और समान सीमांकन के जरिये महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक साथ आना चाहिए। रिजिजू की यह प्रतिक्रिया शनिवार को शिअद की इस मांग के बाद आई कि संसद महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को तुरंत पारित करे, ताकि इन्हें बिना किसी देरी के लागू किया जा सके।
शिअद ने परिसीमन के मुद्दे पर अपना बदला हुआ रुख ऐसे समय में जाहिर किया, जब दिल्ली में शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की पीएम मोदी से हुई मुलाकात के बाद सियासी हलकों में बीजेपी के साथ उसकी सुलह की अटकलें तेज हो गई हैं। रिजिजू ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि मैं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पेश की गई मिसाल का अनुसरण करते हुए शिरोमणि अकाली दल द्वारा लिए गए इस अहम फैसले का तहेदिल से स्वागत करता हूं। उन्होंने लिखा- हमें सीटों के निष्पक्ष और समान सीमांकन के जरिये महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एकजुट होना चाहिए, ताकि उन्हें बराबर का प्रतिनिधित्व मिल सके।

