भोपाल से अगले दो महीने में शुरू होगी शारजाह के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्य प्रदेश

भोपाल । मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को रविवार को नई गति मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने राजा भोज विमानतल से चार नई सीधी हवाई सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले दो महीने में भोपाल से शारजाह के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू की जाएगी।
नई सेवाओं में भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता उड़ानें शामिल हैं। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने भोपाल-रीवा की नई अलायन्स एयर फ्लाइट के यात्रियों को बोर्डिंग पास वितरित किए। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल इसी उड़ान से रीवा रवाना हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई उड़ानों से विंध्य और महाकौशल अंचल को राजधानी भोपाल तथा पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों से सीधा संपर्क मिलेगा। भोपाल-रीवा उड़ान सप्ताह में चार दिन, जबकि अन्य तीन सेवाएं सप्ताह में तीन दिन संचालित होंगी। इससे यात्रा का समय घटकर करीब दो से ढाई घंटे रह जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते तीन वर्षों में रीवा, सतना और दतिया में तीन नए एयरपोर्ट शुरू हुए हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में एयरपोर्ट निर्माणाधीन हैं। केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश में पांच नए एयरपोर्ट बनाने की मंजूरी दी है, जिनमें सबसे पहले सिंगरौली में एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा। बीते दो वर्षों में प्रदेश में 10 से अधिक रूट पर हवाई सेवाएं शुरू हुई हैं।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री नायडू ने कहा कि अगले 10 वर्षों में देश में 100 नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 8 एयरपोर्ट, 20 से अधिक हवाई पट्टियां और 220 हेलीपैड हैं। नवंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच आठ नए हवाई मार्गों पर सेवाएं शुरू हुई हैं। इंदौर, भोपाल और जबलपुर एयरपोर्ट को कृषि उड़ान योजना से जोड़कर किसानों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच देने का प्रयास किया जा रहा है। विमानन क्षेत्र में युवाओं के प्रशिक्षण के लिए सरकार कोर्स फीस का 60 प्रतिशत वहन करेगी।