बीजेपी का झारखंड बंद: जेसीबी पर चढ़कर प्रदर्शन; एबीवीपी का विधानसभा घेराव

देश-विदेश

जेपीएससी-जेएसएससी में कथित धांधली को लेकर 18वें दिन भी जारी है छात्र आंदोलन
रांची । झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन भी जारी रहा। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी छात्र आंदोलन के समर्थन में विधानसभा मार्च का ऐलान किया है।
रांची के हरमू चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता जेसीबी पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। चाईबासा में प्रदर्शनकारियों द्वारा दुकानों को बंद कराने की कोशिश की गई। राज्य के अन्य जिलों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया।
सोमवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों में टकराव
सोमवार को विधानसभा मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और लाठीचार्ज भी किया गया। प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों ने दावा किया है कि कार्रवाई में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
छात्र आंदोलन के नेता देवेंद्र नाथ महतो की भी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएम सोरेन ने लिखा खुला पत्र
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्र आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर खुला पत्र जारी कर युवाओं से संवाद और विश्वास के जरिए समस्याओं का समाधान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने वाले छात्रों के अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील भी की।
राहुल गांधी ने बल प्रयोग को बताया गलत
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि झारखंड में विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग गलत है। छात्रों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है और समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए ही किया जा सकता है। उन्होंने झारखंड सरकार से छात्रों की बात सुनकर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।