नरेला में मंत्री विश्वास सारंग के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, विभाजन पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

मध्य प्रदेश

भोपाल । स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नरेला विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में करोंद और प्रभात चौराहे से हजारों युवाओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगों, देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
मंत्री सारंग स्वयं युवाओं के साथ पैदल यात्रा में शामिल हुए और उन्हें राष्ट्र निर्माण, एकता तथा देशभक्ति के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, बलिदान और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मंत्री सारंग ने देश विभाजन की त्रासदी झेलने वाले विस्थापित परिवारों से उनके निवास पर जाकर मुलाकात की। उन्होंने पश्चिम पंजाब से विस्थापित बाल मोहन अरोरा तथा मोहनलाल श्यामलाल राजदेव से भेंट कर विभाजन के समय के उनके अनुभव और संघर्ष की स्मृतियां सुनीं।
इस अवसर पर प्रभात चौराहे पर आयोजित मौन पदयात्रा में भी मंत्री सारंग शामिल हुए। उन्होंने विभाजन त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर पीड़ित परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा हमें देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाए रखने की प्रेरणा देती है तथा इस इतिहास से नई पीढ़ी को अवगत कराना हम सभी का दायित्व है।