इंदौर में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, आरएपीटीसी ग्राउंड पर हुआ मुख्य समारोह

इंदौर

इन्दौर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में इन्दौर के महेश गार्ड लाइन स्थित आरएपीटीसी (RAPTC) ग्राउंड पर स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह बेहद हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर आकर्षक परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन-संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने सुना।
आकर्षक परेड और बैंड की धुनें –
समारोह का मुख्य आकर्षण भव्य परेड रही, जिसका नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त यश बिजोरिया ने किया। परेड में बीएसएफ, आरएपीटीसी, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और शौर्या दल सहित कुल 20 दलों ने हिस्सा लिया और कदमताल मिलाई। बीएसएफ और प्रथम वाहिनी के बैंड ने देशभक्ति के तराने बजाकर दर्शकों में नया जोश भर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह –
ध्वजारोहण के बाद विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर, शासकीय मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और मॉर्डन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और लोकगीतों पर आधारित सुंदर नृत्य और नाटक पेश किए। कार्यक्रम के समापन पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।