इंदौर । विद्यासागर स्कूल में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों और कारगिल के वीर योद्धाओं के सम्मान में अनूठा आयोजन हुआ। ध्वजारोहण के दौरान पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल की पहल पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। महावीर चक्र विजेता वीर योद्धा दिगेंद्र कुमार ने तिरंगा फहराया। पुष्पवर्षा के दौरान विद्यालय परिसर में मौजूद विद्यार्थियों और अतिथियों ने वीरों के सम्मान में जयघोष किया।
समारोह में कारगिल युद्ध के वीर योद्धा लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेंद्र कुमार, सुरेंद्र सिंह और मौर्य जी सहित उज्जैन से आए रमेश जाट और समाजसेवी मदन परमालिया मौजूद रहे। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के बाद स्काउट व एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा का संकल्प लिया।
:: दिगेंद्र कुमार ने सुनाई कारगिल की रणगाथा ::
महावीर चक्र विजेता दिगेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों से कारगिल युद्ध के अनुभव साझा किए। उन्होंने युद्ध की चुनौतियों, सैनिकों के साहस और राष्ट्र के लिए किए गए संघर्ष के प्रसंग सुनाए। कारगिल में दुश्मन से मुकाबले और तिरंगा फहराने से जुड़े घटनाक्रमों को उन्होंने अपनी सरल शैली में सामने रखा।
उन्होंने विद्यार्थियों से साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उनके अनुभवों ने विद्यार्थियों में राष्ट्रसेवा और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया।
विद्यालय परिवार की ओर से दिगेंद्र कुमार को तुलसी का पौधा, स्मृति-चिह्न और गीता रामेश्वरम ट्रस्ट की ओर से सम्मान-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेंद्र कुमार और मौर्य जी का भी सम्मान किया गया।
:: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां ::
विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत काव्य-पाठ, समूह गीत और माइम एक्ट प्रस्तुत किए। रैंक सेरेमनी में विद्यार्थियों के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना को सम्मानित किया गया।
सत्यनारायण पटेल ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहीदों और सैनिकों का सम्मान नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।
प्रधानाचार्या भावना पुजारी ने आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ हुआ।

