ओडिशा में बाढ़ से स्कूल में फंसे 322 लोग, यूपी के 20 शहरों में जलभराव

ताज़ा खबर देश-विदेश

हिमाचल में इस मानसून 187 मौतें
नई दिल्ली । ओडिशा में बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं। केंद्रपाड़ा जिले के कुलसाही गांव स्थित सरकारी एससी/एसटी आवासीय आश्रम स्कूल में 312 छात्र और 10 शिक्षक पिछले दो दिनों से फंसे हैं। ब्राह्मणी नदी का पानी स्कूल के ग्राउंड फ्लोर में भर गया है, जबकि चारों तरफ करीब 10 फीट पानी है। सभी छात्रों और शिक्षकों को पहली मंजिल पर शिफ्ट किया गया है।
तेज बहाव के कारण अब तक कोई रेस्क्यू टीम स्कूल तक नहीं पहुंच सकी है। नावों के जरिए राहत पहुंचाने में भी मुश्किल आ रही है। अधिकारियों के मुताबिक सभी छात्र सुरक्षित हैं। स्कूल में करीब एक सप्ताह के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। इस बीच केंद्रपाड़ा में एनएच-53 का करीब 100 मीटर हिस्सा धंस गया है। यह हाईवे पारादीप पोर्ट को जाजपुर से जोड़ता है।
बालासोर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज और क्योंझर में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बैतरणी, ब्राह्मणी, सालंदी, जलका और बुधबलंगा नदियों में बढ़े जलस्तर से इन इलाकों में हालात बिगड़े हैं।
उत्तर प्रदेश के 20 शहरों में भी तेज बारिश के कारण जलभराव की स्थिति है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई शहर प्रभावित हैं। संभल में अस्पताल के बाहर पानी भर गया, जबकि कानपुर और उन्नाव में 500 से अधिक घरों में पानी घुस गया है। हिमाचल प्रदेश में भी मानसून से जुड़ी घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। 30 जून से 16 अगस्त के बीच 187 लोगों की मौत हुई है। इनमें 79 मौतें बाढ़, लैंडस्लाइड, डूबने, करंट लगने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं में हुईं, जबकि 107 लोगों की जान सड़क हादसों में गई। इस दौरान 294 लोग घायल और 31 अब भी लापता हैं। राज्य में कुल नुकसान करीब 973 करोड़ रुपये आंका गया है।