भोपाल । राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के अपमान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल द्वारा रविवार को रेडक्रॉस अस्पताल चौराहे से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने तक कैंडल मार्च निकाला गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना प्रदर्शित करते हुए विरोध दर्ज कराया।
विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कैंडल मार्च में शामिल हुए। मार्च रेडक्रॉस चौराहे से शुरू होकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने पहुंचा।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘वन्दे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा राष्ट्रगीत है। इसके सम्मान के प्रति किसी भी प्रकार की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर संविधान और राष्ट्रगीत के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं, गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य का विरोध किया जाएगा।
कैंडल मार्च में पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, भाजपा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन सहित जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

