नसीर मदनी का दावा- हाफिज सईद ने 10000 आतंकी कश्मीर भेजे थे

ताज़ा खबर देश-विदेश

पूर्व सेना अफसर ने कसा तंज कहा- जल्द विदाई की कही बात
नई दिल्ली । पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक कार्यक्रम का वीडियो सामने आया है। इस पर मौलवी नसीर मदनी ने कहा है कि हाफिज सईद ने कश्मीर में 10 हजार आतंकियों को भेजा था। इस बयान पर भारत के पूर्व सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडेय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मदनी के लिए ‘सबसे जल्दी विदाई’ की बात कहते हुए सीधा तंज कसा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पांडेय ने कहा कि जिन लोगों ने भारतीय सेना, चिनार कोर और जम्मू-कश्मीर पुलिस की कार्रवाई को देखा है, वे जानते हैं कि आतंकी किस अंजाम तक पहुंचते हैं। इसके बाद उन्होंने मदनी को भी ‘सबसे जल्दी विदाई’ के लिए आने की बात कही। नसीर मदनी कुछ समय पहले हार्ट अटैक को लेकर चर्चा में आया था। रिपोर्टों के मुताबिक वह जुलाई में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के जहानियां शहर में एक धार्मिक भाषण के दौरान गिर गया था और उसे अस्पताल ले जाया गया था। बाद में उसकी हालत स्थिर बताई गई। अब 14 अगस्त को बहावलनगर में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कार्यक्रम में उसके मंच पर नजर आने की खबर सामने आई है।
मदनी ने भाषण में लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद की तारीफ की। इसी दौरान उसने दावा किया कि हाफिज सईद ने कश्मीर में 10 हजार आतंकियों को भेजा था। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, बयान ने पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क और कश्मीर में आतंकवाद के पुराने संबंधों को फिर चर्चा में ला दिया है।