नबीन की नई टीम में यूपी का दबदबा, तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया

ताज़ा खबर देश-विदेश

-2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की राजनीतिक समीकरण साधने की कवायद
लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संगठन में बहुप्रतीक्षित बदलाव करते हुए नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। नई टीम में उत्तर प्रदेश से आठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें चार राष्ट्रीय पदाधिकारी और दो राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की इस नियुक्ति को सामाजिक और राजनीतिक समीकरण साधने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर अन्य पिछड़ा वर्ग के नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारी देकर पार्टी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए की काट तैयार करने की कोशिश दिखाई दे रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नई टीम में रेखा वर्मा और प्रो तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है। अमरपाल मौर्य लंबे समय तक संगठन में सक्रिय रहे हैं और पिछड़े वर्ग में पार्टी की पकड़ मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है।
अल्पसंख्यक समुदाय को संदेश देने की कोशिश के तहत कुंवर बासित अली को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। बासित अली यूपी बीजेपी में अल्पसंख्यक चेहरा रहे हैं। पार्टी के इस फैसले को मुस्लिम समुदाय के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यूपी से आठ नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिलना विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य के महत्व को भी रेखांकित करता है। जानकारों की मानें तो बीजेपी की कोशिश संगठनात्मक विस्तार के साथ-साथ अलग-अलग सामाजिक वर्गों में अपनी राजनीतिक पकड़ को मजबूत करने की है।