-मध्य प्रदेश के रीवा-बालाघाट समेत 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश जारी है। मौसम विभाग ने राजस्थान-दिल्ली समेत 14 राज्यों में मंगलवार को तेज बारिश की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन आज आगे बढ़ सकता है। यूपी के 25 शहरों में मंगलवार सुबह से बारिश हो रही है। कई शहरों में सड़कों-अस्पतालों में पानी भर गया। कारें-बाइकें डूब गईं। कानपुर-उन्नाव में 500 से ज्यादा घरों में और प्रतापगढ़ में थाने में पानी भर गया।
राज्य के आठ जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे की मेरठ-प्रयागराज लेन पर करीब 10 मीटर सड़क धंस गई है। वाराणसी में 100 से ज्यादा छोटे मंदिरों में पानी घुस गया है। उत्तराखंड के ऋषिकेश में बीन नदी में गाड़ी पलट गई। एसडीआरएफ ने गाड़ी में फंसे दो लोगों को सुरक्षित निकाला। मध्य प्रदेश के सतना में मंदाकिनी नदी में बाढ़ आ गई है। एसडीआरएफ तैनात है और घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। पश्चिम बंगाल के दक्षिण हिस्से में सोमवार से लगातार बारिश हो रही है। आसनसोल के कई इलाकों में सड़कों पर 4-5 फीट तक पानी भर गया है। घर-कारें डूब गए हैं।
मध्य प्रदेश के रीवा-बालाघाट समेत 14 जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट है। 24 घंटे के अंदर 4 से 8 इंच पानी गिर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन तेज बारिश का दौर रहेगा। पिछले 24 घंटे में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों ने आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 9फीसदी कम है। बिहार में बारिश की संभावना जताई है। 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि पटना समेत 14 जिलों में यलो अलर्ट है। बिहार में अब तक सामान्य से 41फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। राजस्थान में 19 अगस्त से बारिश का दौर फिर शुरू होगा। मौसम विभाग ने 19 अगस्त को 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश का ये दौर 20 और 21 अगस्त को और तेज होगा।

