18 माह बाद भाजपा में वापसी; प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कार्रवाई समाप्त, एमआईसी में वापसी की चर्चा ::
इंदौर । पुलिस जांच में क्लीन चिट मिलने के बाद भाजपा ने वार्ड क्रमांक 24 के पार्षद जीतू यादव का करीब 18 माह पुराना निष्कासन समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही उनकी भाजपा की प्राथमिक सदस्यता भी बहाल हो गई है। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने 18 अगस्त को पत्र जारी कर भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित मिश्रा को इसकी आधिकारिक सूचना दी।
पत्र के अनुसार, जिला अध्यक्ष की अनुशंसा और पुलिस जांच में यादव को क्लीन चिट मिलने के आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर यादव का प्राथमिक सदस्यता से किया गया निष्कासन समाप्त किया गया है। यादव को करीब 18 माह पहले पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया गया था।
:: कालरा विवाद के बाद हुई थी कार्रवाई ::
जीतू यादव का नाम पार्षद कमलेश कालरा के घर हुए हमले और उनके नाबालिग बेटे से बदसलूकी के मामले के बाद विवादों में आया था। घटना के वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी। विवाद बढ़ने के बाद भाजपा ने यादव के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके बाद उन्हें महापौर परिषद (एमआईसी) से भी बाहर होना पड़ा था।
मामले की जांच में यादव को राहत मिलने और पुलिस की ओर से क्लीन चिट दिए जाने के बाद अब भाजपा संगठन ने भी उनके खिलाफ की गई कार्रवाई समाप्त कर दी है।
:: निष्ठा और समर्पण से काम करता रहूंगा : जीतू यादव
पार्टी में वापसी के बाद जीतू यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं, संगठन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर दोबारा विश्वास जताया है, जिसके लिए वे हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वे आगे भी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करते रहेंगे।
:: एमआईसी में वापसी की चर्चा ::
निष्कासन के बाद एमआईसी की सदस्यता गंवाने वाले यादव की अब महापौर परिषद में दोबारा वापसी की चर्चा भी शुरू हो गई है। हालांकि एमआईसी में शामिल किए जाने को लेकर अभी कोई औपचारिक निर्णय नहीं हुआ है। पार्टी में वापसी के बाद वार्ड 24 के साथ इंदौर भाजपा की स्थानीय राजनीति में यादव की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।

