अजीबोगरीब एक्शन वाले गेंदबाज, जिन्होंने अपनी अनोखी शैली से क्रिकेट की दुनिया पर किया राज

खेल ताज़ा खबर देश-विदेश

नई दिल्ली । क्रिकेट की दुनिया में कुछ खिलाड़ी अपनी बल्लेबाजी या गेंदबाजी की क्लासिकल खूबसूरती के लिए याद किए जाते हैं, तो कुछ अपने ऐसे अनोखे अंदाज के लिए, जिसे देखकर पहली नजर में हैरानी होती है। लेकिन जब वही अजीब एक्शन बल्लेबाजों के स्टंप उखाड़ने लगे, तो वह उनकी सबसे बड़ी ताकत बन जाता है। क्रिकेट इतिहास में कई गेंदबाज ऐसे रहे हैं, जिन्होंने पारंपरिक तकनीक से हटकर गेंदबाजी की और अपनी अलग पहचान बनाई। 90 के दशक में दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर पॉल एडम्स ने अपने अनोखे एक्शन से पूरी दुनिया को चौंका दिया था। छोटे रनअप के बाद गेंद छोड़ते समय उनका सिर जमीन की ओर झुक जाता और गर्दन में तेज झटका दिखाई देता था। इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज माइक गैटिंग ने उनके एक्शन को ‘मिक्सर ग्राइंडर में फंसा मेंढक’ तक कह दिया था। इसके बावजूद एडम्स ने 45 टेस्ट में 134 और 24 वनडे में 29 विकेट लिए। बाद में आईपीएल में गुजरात लायंस के शिविल कौशिक ने भी इसी तरह के सिर घुमाने वाले एक्शन से सुर्खियां बटोरीं।
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज देबाशीष मोहंती का एक्शन भी बेहद अलग था। गेंद फेंकते समय उनके दोनों हाथों की मुद्रा इतनी खास थी कि 1999 विश्व कप का आधिकारिक ग्राफिक लोगो उनके एक्शन से प्रेरित होकर तैयार किया गया था। उनकी स्विंग गेंदबाजी पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज सईद अनवर के लिए बड़ी परेशानी बन गई थी। सहारा कप की पांच मैचों की सीरीज में मोहंती ने हर मुकाबले में अनवर को आउट किया था। तेज गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया के जैफ थॉमसन को दुनिया के शुरुआती असली ‘स्लिंगर’ गेंदबाजों में गिना जाता है। उनके झटकेदार एक्शन से निकलने वाली रफ्तार इतनी खतरनाक थी कि महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स भी उन्हें अपने करियर के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में मानते थे। थॉमसन ने 51 टेस्ट में 200 और 50 वनडे में 55 विकेट लिए। श्रीलंका के लसिथ मलिंगा ने स्लिंगिंग गेंदबाजी को नई पहचान दी। उनका हाथ लगभग क्षैतिज कोण पर आता था और उनकी इनस्विंगिंग यॉर्कर बल्लेबाजों के लिए किसी पहेली से कम नहीं थी। मलिंगा ने टेस्ट में 101, वनडे में 338 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 107 विकेट हासिल किए। सीमित ओवरों में उनके नाम पांच हैट्रिक और लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने के दो कारनामे दर्ज हैं।
पाकिस्तान के सोहेल तनवीर भी ‘रॉन्ग फुटेड’ गेंदबाजी के लिए मशहूर रहे। उनका लैंडिंग पैर पारंपरिक बाएं हाथ के गेंदबाजों से अलग था। इसी अनोखे एक्शन के दम पर उन्होंने आईपीएल के पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई और 22 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती। आधुनिक क्रिकेट में भारत के जसप्रीत बुमराह इस सूची के सबसे सफल नामों में शामिल हैं। उनका छोटा रनअप, अनोखा हाथ और बेहद आगे से गेंद रिलीज करने की शैली बल्लेबाजों को प्रतिक्रिया के लिए बेहद कम समय देती है। 2024 टी20 विश्व कप में उन्होंने 4.17 की इकोनॉमी से 15 विकेट लेकर भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। बुमराह का एक्शन आज क्रिकेट में इस बात का उदाहरण है कि गेंदबाजी में पारंपरिक तकनीक से अलग शैली भी असाधारण सफलता की पहचान बन सकती है।