टाइम की भारत के 100 उभरते नेतृत्वकर्ताओं की पहली सूची जारी

ताज़ा खबर देश-विदेश मनोरंजन

:: आलिया भट्ट, आर्यन खान, पवन कुमार चंदना समेत मनोरंजन, खेल, कारोबार और विज्ञान जगत की प्रतिभाओं को मिली जगह ::
मुंबई/इंदौर । अंतरराष्ट्रीय पत्रिका टाइम ने भारत के 100 उभरते नेतृत्वकर्ताओं की पहली सूची टाइम100 नेक्स्ट इंडिया जारी की है। इसमें मनोरंजन, खेल, कारोबार, विज्ञान, तकनीक और सामाजिक सरोकारों सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे 100 नेतृत्वकर्ताओं को शामिल किया गया है। अभिनेत्री आलिया भट्ट, फिल्मकार आर्यन खान, पायल कपाड़िया और अंतरिक्ष स्टार्टअप स्काईरूट के सह-संस्थापक पवन कुमार चंदना भी इस सूची में शामिल हैं। यह टाइम की टाइम100 नेक्स्ट श्रृंखला का पहला अंतरराष्ट्रीय संस्करण है। इस पहल में रिलायंस प्रमुख भागीदार है।
टाइम के इस विशेष संस्करण के तीन अलग-अलग मुखपृष्ठ जारी किए गए हैं। इनमें अभिनेत्री आलिया भट्ट और स्काईरूट के सह-संस्थापक पवन कुमार चंदना के व्यक्तिगत मुखपृष्ठ हैं। तीसरे मुखपृष्ठ पर फिल्मकार आर्यन खान, पायल कपाड़िया और तेजा रियो को संयुक्त रूप से जगह दी गई है। सूची में शामिल प्रतिभाओं के सम्मान में 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।
:: प्रमुख हस्तियों ने लिखे प्रतिभाओं के परिचय ::
इस सूची की खास बात यह है कि इसमें शामिल प्रतिभाओं के बारे में विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों ने लेख लिखे हैं। फिल्मकार एसएस राजामौली ने आलिया भट्ट, इम्तियाज अली ने वेदांग रैना, अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने पार्वती थिरुवोथु और विशाल भारद्वाज ने आर्यन खान के बारे में लिखा है। इसी तरह एआर रहमान ने गायक फहीम अब्दुल्ला, अभिनेता अल्लू अर्जुन ने संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और आयुष्मान खुराना ने क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के योगदान को रेखांकित किया है।
टाइम की मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेसिका सिबली ने कहा कि भारत ऐसे असाधारण युवा नेतृत्वकर्ताओं का देश है, जिनके विचार और प्रभाव अपने क्षेत्रों के साथ देश के भविष्य को भी आकार दे रहे हैं। उनका प्रभाव वैश्विक स्तर पर भी महसूस किया जा रहा है। टाइम के प्रधान संपादक सैम जैकब्स ने कहा कि भारत की युवा पीढ़ी के विचार, महत्वाकांक्षाएं और नेतृत्व आने वाले समय में दुनिया की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस सूची के माध्यम से उन प्रतिभाओं को भी पहचान देने का प्रयास किया गया है, जिनका प्रभाव अपने क्षेत्रों और स्थानीय समुदायों में उल्लेखनीय है।
:: मनोरंजन से खेल और कारोबार तक के नाम ::
मनोरंजन जगत से अली फजल, ईशान खट्टर, नयनतारा, साई पल्लवी, विक्की कौशल और वेदांग रैना को जगह मिली है। संगीत के क्षेत्र से दिलजीत दोसांझ, अनिरुद्ध रविचंदर, अरिवु, जसलीन रॉयल, प्रतीक कुहाड़ और फहीम अब्दुल्ला शामिल हैं।
खेल जगत से हरमनप्रीत कौर, लवलीना बोरगोहेन, सानिया मिर्जा, सविता पूनिया, वैभव सूर्यवंशी और विथ्या रामराज को चुना गया है। कारोबार और तकनीक के क्षेत्र से पीयूष बंसल, अलबिंदर सिंह ढींडसा, पवन कुमार चंदना, राधिका गुप्ता और तरुण मेहता को स्थान मिला है। विज्ञान एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र से शुभांशु शुक्ला, नीना गुप्ता और रेवंत हिमात्सिंगका सहित कई नाम शामिल हैं। सामाजिक बदलाव और अधिकारों के क्षेत्र में योगदान देने वाले नेतृत्वकर्ताओं को भी सूची में जगह मिली है।
:: 7 दिसंबर को प्रकाशित होगा विशेष अंक ::
टाइम का यह विशेष अंक 7 दिसंबर को दुनियाभर में उपलब्ध होगा। इसमें तीन अलग-अलग मुखपृष्ठों के साथ सूची में शामिल प्रतिभाओं के विशेष परिचय और उनकी उपलब्धियों पर लेख प्रकाशित किए जाएंगे। पत्रिका की वेबसाइट पर भी इससे संबंधित विशेष सामग्री उपलब्ध होगी। वहीं, 12 दिसंबर को मुंबई में आयोजित समारोह में आलिया भट्ट, पवन कुमार चंदना, पायल कपाड़िया, आर्यन खान और तेजा रियो सहित कई हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में गायक फहीम अब्दुल्ला की विशेष संगीत प्रस्तुति भी होगी।