आभा आईडी बनाने में इंदौर प्रदेश में अव्वल, मिला सम्मान

मध्य प्रदेश

:: 25.80 लाख डिजिटल हेल्थ अकाउंट बने, लक्ष्य का 73 प्रतिशत हासिल ::
इंदौर । आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा आईडी) बनाने में इंदौर जिले ने प्रदेश में सर्वाधिक उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक करीब 25 लाख 80 हजार आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का 73 प्रतिशत है।
इस उपलब्धि के लिए भोपाल में आयोजित समारोह में इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी को उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद शुक्ल तथा स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने सम्मानित किया।
आभा आईडी के माध्यम से हितग्राहियों का स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड डिजिटल रूप में एक जगह सुरक्षित रखा जाता है। इससे उपचार के दौरान मरीज की मेडिकल हिस्ट्री आसानी से उपलब्ध हो जाती है और चिकित्सकों को उपचार में मदद मिलती है। डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड के जरिए पूर्व उपचार, जांच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को भी आसानी से ट्रैक किया जा सकता है।
इंदौर की यह उपलब्धि जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।