भोपाल । पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में 70 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जन-आकांक्षाओं की पूर्ति सरकार की प्राथमिकता है।
वार्ड 66 करमवीर नगर में 25 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। श्रीमती गौर ने कहा कि भवन से क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी।
वहीं वार्ड 62 आनंद नगर स्थित ऋषिपुरम फेस-2 एवं फेस-3 में पार्क और मंदिर के समीप 46 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में अधोसंरचना विकास और जनकल्याण का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे।

