:: जीतू पटवारी ने दोबारा सौंपी जिम्मेदारी; बागड़ी दो बार रह चुके हैं इंदौर नगर निगम में पार्षद ::
इंदौर । कांग्रेस ने अरविंद बागड़ी को प्रदेश के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ का अध्यक्ष फिर नियुक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन से यह नियुक्ति की।
बागड़ी इंदौर नगर निगम में दो बार पार्षद रह चुके हैं। वे तीन बार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा दो विधानसभा चुनावों और एक लोकसभा चुनाव में संगठन के संचालन का दायित्व निभा चुके हैं।
:: युवक कांग्रेस से शुरू किया राजनीतिक सफर ::
बागड़ी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत युवक कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष के रूप में की थी। वे अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, मध्यप्रदेश वैश्य महासम्मेलन, महाराजा अग्रसेन पारमार्थिक न्यास, इंदौर बगान फुटबॉल क्लब और श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल, खजराना गणेश मंदिर से भी जुड़े रहे हैं। वर्ष 2004 में जिला प्रशासन ने उन्हें श्रेष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता के सम्मान से सम्मानित किया था।
दोबारा प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर कांग्रेस नेताओं, समाजसेवियों और वैश्य संगठनों के पदाधिकारियों ने बागड़ी को बधाई दी।

