विस्थापन और संघर्ष के बावजूद सिंधी समाज ने बचाए रखे धर्म-संस्कार : मुख्यमंत्री

इंदौर

:: राजा दाहिर, संत कंवरराम और शहीद हेमू कालानी की जीवनियां पाठ्यक्रम में शामिल; बोले- समाज की जीवटता पर गर्व ::
भोपाल/इंदौर । विभाजन के बाद जन्मभूमि, घर और कारोबार छोड़ने के बावजूद सिंधी समाज ने अपने धर्म, संस्कार और सांस्कृतिक पहचान को कायम रखा। कठिन परिस्थितियों को अवसर में बदलकर समाज ने देशभर में अपनी नई पहचान बनाई। करीब आठ दशक के संघर्ष के बावजूद अपनी विरासत को संजोकर रखने वाले सिंधी समाज पर सभी को गर्व है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सिंधु भवन में आयोजित प्रादेशिक सिंधी सम्मेलन में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधी समाज की जीवटता उसकी बड़ी ताकत है। हर कठिन परिस्थिति के बाद समाज ने खुद को नए सिरे से खड़ा किया। व्यापार, शिक्षा और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में समाज का महत्वपूर्ण योगदान है।
:: पाठ्यक्रम में शामिल हुई सिंधी महापुरुषों की जीवनियां ::
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने राजा दाहिर, संत कंवरराम और शहीद हेमू कालानी की जीवनियां स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल कर सिंधी समाज से किया अपना वादा पूरा किया है। इससे नई पीढ़ी इन महापुरुषों के संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और योगदान से परिचित होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार सिंधी समाज के अधिकारों के संरक्षण के साथ सिंधी भाषा और संस्कृति के संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। समाज की समस्याओं का समाधान संवाद के जरिए किया जाएगा।
:: व्यापार और सेवा में भी अग्रणी ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधी समाज व्यापारिक कुशलता के साथ शिक्षा और समाजसेवा में भी अग्रणी है। भोपाल के मास्टर प्लान से जुड़े विषय पर उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए सरकार उचित समाधान निकालेगी।
:: 17 सितंबर से सेवा से संकल्प अभियान ::
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में ‘सेवा से संकल्प अभियान’ शुरू होगा। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान के तहत 50 लाख लोगों की संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जाएगी। इसकी स्टांप ड्यूटी सरकार वहन करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार सख्त है। अपराध और लापरवाही पर कार्रवाई होगी तथा कानून से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सम्मेलन में सांसद शंकर लालवानी, विधायक भगवानदास सबनानी, मध्यप्रदेश सिंधु भवन ट्रस्ट अध्यक्ष राजेंद्र मनवानी, सम्मेलन संयोजक ईश्वर झावनानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।