1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में पहुंचे 1835 करोड़

मध्य प्रदेश

:: आगर से मुख्यमंत्री यादव ने जारी की 40वीं किस्त; 50 लाख से अधिक पट्टाधारियों की पक्की रजिस्ट्री नि:शुल्क कराने की घोषणा ::
आगर-मालवा/इंदौर । लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त के रूप में रविवार को प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार से अधिक बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपये अंतरित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर-मालवा में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक से राशि जारी की। जिले की 1.13 लाख से अधिक बहनों को भी इसका लाभ मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने का माध्यम बनी है। सरकार का लक्ष्य बहनों को केवल हितलाभ पाने तक सीमित रखने के बजाय उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की चार लाख से अधिक महिलाएं स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
:: 50 लाख पट्टाधारियों की रजिस्ट्री का शुल्क सरकार देगी ::
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के 50 लाख से अधिक पट्टाधारियों की पक्की रजिस्ट्री नि:शुल्क कराई जाएगी। ऐसे पट्टाधारी जिनके पास पट्टे हैं, लेकिन रजिस्ट्री नहीं हुई है, उनकी रजिस्ट्री का शुल्क सरकार अपने खजाने से वहन करेगी। ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना-2026’ के तहत यह प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों से किए वादों को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है।
:: आगर-मालवा को 254 करोड़ के विकास कार्य ::
मुख्यमंत्री ने जिले में 254 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 50 विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया। इनमें 226 करोड़ रुपये के 33 कार्यों का भूमिपूजन और करीब 28 करोड़ रुपये के 17 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। करीब 118 करोड़ रुपये की तीन सड़क परियोजनाओं और 19 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले शासकीय विधि महाविद्यालय का भी भूमिपूजन किया गया।
उन्होंने आगर में बड़ी गौशाला बनाने और जिले के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की घोषणा की।
:: 25 सितंबर से शुरू होगी सुगम बस सेवा ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 सितंबर से ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ शुरू होगी। बस सेवा गांवों, पंचायतों, कस्बों, ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों सहित छोटे-बड़े शहरों तक पहुंचाई जाएगी। वर्ष 2030 तक प्रदेश में 15 हजार से अधिक बसें चलाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शाम 7 बजे घरों और प्रतिष्ठानों में दीपक जलाने की अपील भी की।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक माधव सिंह, मधु गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।