:: बलराम कृषि महोत्सव में किसानों से संवाद; सिंचाई, प्राकृतिक खेती और अतिरिक्त आय पर जोर ::
पन्ना/इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना सहित बड़ी सिंचाई परियोजनाओं से बुंदेलखंड की तस्वीर बदलेगी और किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी। सरकार सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के साथ प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी और पशुपालन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री रविवार को पन्ना में आयोजित 28वें बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पन्ना में पवई बांध, मझगांय और रुंझ सहित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं से किसानों को लाभ मिलेगा। किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं उद्यानिकी खेती अपनाने तथा पशुपालन को अतिरिक्त आय का साधन बनाने की अपील की।
:: प्रगतिशील किसानों से संवाद ::
मुख्यमंत्री ने जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। शाहपुर खुर्द की महिला किसान कविता रानी ने बताया कि वे 2019 से प्राकृतिक खेती कर रही हैं और छह गांवों के किसानों को प्रशिक्षण दे रही हैं। राजकमल शर्मा ने कृषि क्षेत्र में शुरू किए स्टार्टअप की जानकारी दी, जबकि सुब्रत मलिक ने उद्यानिकी खेती से आय बढ़ाने के अनुभव साझा किए।
डेयरी हितग्राही नत्थू प्रसाद यादव ने मुर्रा भैंस के जरिए डेयरी व्यवसाय शुरू करने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने किसानों के नवाचारों की सराहना की।
:: अतिवृष्टि से फसल नुकसान का होगा सर्वे ::
जनप्रतिनिधियों ने अतिवृष्टि से फसल नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर को प्रभावित क्षेत्रों में फसल सर्वे और किसानों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण जरूरतमंदों को नि:शुल्क रजिस्ट्री की सुविधा भी मिलेगी। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। उत्कृष्ट किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।

